Koderma News: नम आंखों और विदाई के भावुक क्षणों के साथ मां काली व लक्ष्मी को दी गई विदाई

कोडरमा: मां काली और मां लक्ष्मी की आराधना के बाद अब विदाई की बेला ने श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं। कई दिनों तक पूजा-पंडालों में गूंजने वाले मंत्रोच्चार, घंटियों की ध्वनि और जयकारों के बीच भक्तों ने नम आंखों से मां और अन्य देवी-देवताओं को विदाई दी। शहर की विभिन्न काली एवं लक्ष्मी पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद देर शाम आकर्षक ढंग से सजे वाहनों पर देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को स्थापित कर भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और आरती कर मां को विदाई दी।
इसके बाद विभिन्न जलाशयों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।शहर के खुदरा पट्टी, हटिया रोड, स्टेशन रोड, विश्रामबाग रोड, देवी मंडप रोड और तिलैया बस्ती सहित विभिन्न इलाकों में पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पूजा पंडाल स्थापित कर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। कई समितियों ने काली एवं लक्ष्मी पूजा के अवसर पर पारंपरिक ढाक वादकों को भी आमंत्रित किया था। ढाक की गूंज, भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं, मंगलवार को विसर्जन से पूर्व विभिन्न पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, खीर और महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद प्रतिमाओं को आकर्षक तरीके से सजाए गए वाहनों पर विराजमान कर विसर्जन के लिए रवाना किया गया।विसर्जन शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते नजर आए।
मां की आरती और विदाई के भावुक क्षणों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने मां काली और मां लक्ष्मी से सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इधर, विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।


