झारखंड चुनाव : पांच सालों में भाजपा के इन तीन उम्मीदवारों की खूब बढी संपत्ति, मंत्री लुईस भी इनमें शामिल

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव – 2019 अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है. इस बीच चुनाव पर काम करने वाली संस्था एडीआर यानी एसोसिएशन आॅफ डेमोक्रेटिक रिफार्म ने झारखंड के उम्मीदवारों का आर्थिक लेखा-जोखा पेश किया है. एडीआर ने यह सर्वे फिर से चुनाव लड़ रहे 66 विधायकों के आधार पर पेश किया है. एडीआर ने अपने अध्ययन के आधार पर बताया कि 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान जिन 66 प्रत्याशियों के पास 1.93 करोड़ की औसत संपत्ति थी और विधायक चुने जाने के बाद जब 2019 में जब वे दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं तो उनके पास 3.36 करोड़ की औसत संपत्ति है. एडीआर ने यह आंकड़ा उनके चुनावी हलफनामे के विश्लेषण के आधार पर पेश किया है.
एडीआर के अनुसार, इस दरमियान इन विधायकों की औसत संपत्ति 1.43 करोड़ रुपये बढी, जो 74 प्रतिशत की वृद्धि है. एडीआर के मुताबिक हजारीबाग सीट से भाजपा विधायक व प्रत्याशी मनीष जायसवाल सबसे धनी उम्मीदवार हैं, जिनके पास पांच साल में 8.78 करोड़ रुपये की संपत्ति बढी है. 2014 में मनीष जायसवाल के पास 18.26 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जबकि 2019 में उनके हलफनामे के अनुसार, उनके पास 27.04 करोड़ रुपये की संपत्ति है.
वहीं, दुमका की भाजपा विधायक, उम्मीदवार व मंत्री लुईस मरांडी के पास इन पांच सालों में 6.81 करोड़ रुपये की संपत्ति बढी. एडीआर के अनुसार, उनके पास 2014 में 2.24 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जबकि 2019 में 9.06 करोड़ रुपये की संपत्ति है.
वहीं, गिरिडीह के भाजपा विधायक एवं प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी के पास इन पांच सालों में 6.43 करोड़ रुपये की संपत्ति बढी. 2014 में उनके पास 2.36 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जबकि 2019 में उनके पास 8.79 करोड़ रुपये की संपत्ति है.


