Hazaribagh News: डीबलबांध में सरना समिति आदिवासी कुटुम्ब जतरा मेले का आयोजन, जेपी पटेल ने किया उद्घाटन

हजारीबाग: कटकमसांडी में प्रखंड के शाहपुर पंचायत स्थित डीबलबांध में सरना समिति आदिवासी कुटुम्ब की ओर से भव्य पारंपरिक जतरा मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष जेपी पटेल, कांग्रेस नेत्री रेणु देवी, मुखिया सुनीता देवी और प्रखंड अध्यक्ष नरसिंह प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरना स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया।
मेले को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जेपी पटेल ने कहा कि जतरा मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह आदिवासी अस्मिता, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का महान पर्व है। यह हमें अपनी माटी, भाषा और परंपरा से जोड़ता है। रेणु देवी और मुखिया सुनीता देवी ने भी आदिवासी संस्कृति एवं सभ्यता को सहेजने की इस पहल की सराहना की।
मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक लियो मेक्स और गायिका दिव्या के नागपुरी गीतों ने खूब समां बांधा। मांदर की थाप और पारंपरिक गीत-संगीत पर दर्शक झूम उठे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष किशुन कुजूर, सचिव राजकुमार उरांव, कोषाध्यक्ष चैतन कुजूर, पाहन बिनोद कुजूर, बिरसा कुजूर और पप्पू यादव का विशेष योगदान रहा।


