Hazaribagh News: समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित उप विकास आयुक्त रिया सिंह और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी।

हजारीबाग: समाज कल्याण एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पोषण ट्रैकर से संबंधित कार्यों को नियमित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, लाभुकों के बीच टेक होम राशन (टीएचआर) का ससमय वितरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

विभागीय कार्यों के बेहतर निष्पादन के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से प्रत्येक 15 दिनों में राज्य स्तर पर एक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एवं विधवा पुनर्विवाह योजना की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी करते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा व अन्य मौजूद थे। उपायुक्त ने बालगृह शिफ्टिंग को लेकर दीपूगढ़ा स्थित पुराने मूक-बधिर विद्यालय का किया स्थल निरीक्षण, जर्जर भवन को देखते हुए अन्य स्थल चयन का निर्देश। कोलघट्टी आंगनवाड़ी केंद्र एवं नर्सरी स्कूल का भी किया निरीक्षण, बच्चों की प्राथमिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश।

उपायुक्त ने बरही में संचालित बालगृह की शिफ्टिंग के उद्देश्य से दीपूगढ़ा स्थित पुराने मूक-बधिर विद्यालय का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां निर्मित भवन की दयनीय स्थिति को देखते हुए बालगृह के संचालन हेतु अन्य उपयुक्त स्थल का चयन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके उपरांत उपायुक्त ने कोलघट्टी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र एवं आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने भवन की स्थिति, बच्चों की उपस्थिति तथा बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोशाक सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभिक स्तर से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र के पुराने भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की। उन्होंने उप विकास आयुक्त को इस संबंध में आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा, सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More