Hazaribagh News: सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज की समस्याओं पर सौंपा मांग पत्र

हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती को मेडिकल कॉलेज की समस्याओं का ज्ञापन देते सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी।

हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के दिशा-निर्देश पर उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने सोमवार की देर शाम को उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। नए समाहरणालय भवन स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ा मांग पत्र सौंपा और मरीजों के हित में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में रात्रिकालीन आपातकालीन सेवाओं में वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सोमवार की अहले सुबह एक महिला की कथित चिकित्सा लापरवाही से संबंधित शिकायत की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच में दोष प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने विशेष रूप से अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में खराब पड़ी सी-आर्म मशीन को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही भविष्य में मरीजों को परेशानी नहीं हो इसके लिए यहां अवस्थित मॉड्यूलर ऑर्थो ओटी में एक अतिरिक्त नई सी-आर्म मशीन स्थापित कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऑर्थोपेडिक मरीजों की चिकित्सा एवं आवश्यक प्रक्रियाओं में सी-आर्म मशीन की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

मांग पत्र के माध्यम से रंजन चौधरी ने अस्पताल के ब्लड बैंक में खराब पड़ी एलिजा मशीन को तत्काल ठीक कराने अथवा उसके स्थान पर नई एलिजा मशीन स्थापित कराने की मांग की। इसके अलावा गंभीर, बुजुर्ग एवं दिव्यांग मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल की लिफ्ट को पूर्ण रूप से चालू कराने, ऑर्थोपेडिक पुरुष एवं महिला वार्ड में कमोड युक्त पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था करने तथा दोनों वार्डों में कम से कम पांच-पांच उच्च गुणवत्ता वाली व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग की गई। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष समीक्षा कर कमियों को चिह्नित करने और जहां लापरवाही प्रमाणित हो, वहां नियमानुसार जवाबदेही तय करने का भी आग्रह किया।

उपायुक्त हेमंत सती ने सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अस्पताल से संबंधित मांगों एवं मरीज हित के विषयों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। रंजन चौधरी ने कहा कि शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग सहित आसपास के जिलों के लाखों गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण सरकारी चिकित्सा केंद्र है। ऐसे में यहां चिकित्सा, आपातकालीन और मरीज सुविधाओं की व्यवस्था मजबूत और जवाबदेह होना आवश्यक है और इस दिशा में सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर हम लगातार संघर्षरत हैं।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More