Giridih News: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली सुनील की जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गिरिडीह: पचंबा के बिशनपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह करीब 4 बजे हुए दर्दनाक हादसे में तुलाडीह निवासी सुनील कुमार ठाकुर की मौत हो गई। घटना का कारण ट्रैक्टर की अत्यधिक स्पीड बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, सुबह-सुबह बेलगाम रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। साथी गोलू शर्मा गंभीर रूप से घायल है।
सुनील के परिवार पर बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है। वह दिल्ली में मजदूरी करता था। पिता का निधन पहले ही हो चुका है और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। करीब दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और घर में एक छोटी सी बच्ची है। दुर्गा पूजा मनाने वह दिल्ली से घर आया था। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
शनिवार रात वह गोलू के साथ गिरिडीह दोस्त के यहां आया था और सुबह 4 बजे घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और आरोपी ट्रैक्टर चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।


