गिरिडीह में रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान का डीसी ने किया शुभारंभ, किसानों को आधुनिक खेती अपनाने की सलाह

रबी कर्मशाला का शुभारंभ करते उपायुक्त रामनिवास यादव

गिरिडीह: अनुमंडलीय कृषि प्रक्षेत्र, पचंबा में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, कृषक मित्र एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि कृषि जिले की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसानों की समृद्धि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का समावेश और कृषि भूमि का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य कृषि योग्य भूमि की गुणवत्ता एवं उर्वरता बनाए रखना, मिट्टी और जल संसाधनों का संरक्षण करना तथा किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है।

उपायुक्त ने किसानों से रबी मौसम में गेहूं, चना, मटर, सरसों एवं अन्य फसलों की वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की अपील की। उन्होंने मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग, गुणवत्तापूर्ण बीज, बीज उपचार, फसल चक्र एवं जैविक खाद को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखना दीर्घकालिक कृषि विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल संरक्षण एवं उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग कर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रबी मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। कृषि विभाग के पदाधिकारी प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें विभागीय योजनाओं, अनुदान एवं कृषि तकनीकों की जानकारी दें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

इस दौरान कृषि विशेषज्ञों द्वारा रबी फसलों की उन्नत खेती, बीज चयन एवं उपचार, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन तथा फसल उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को मटर, सरसों, गेहूं, जौ और चना की खेती को प्रोत्साहित करने, फसल विविधीकरण अपनाने तथा कृषि यंत्रीकरण के माध्यम से खेती की लागत कम करने के उपायों से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर कृषि के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं दुग्ध उत्पादन जैसी सहायक गतिविधियों को किसानों की आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में रेखांकित किया गया। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, अनुदान एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी अपनी कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ धरातल पर प्रभावी ढंग से कार्य करना सुनिश्चित करें।

मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More