Giridih News: पचम्बा सार्वजनिक दुर्गा स्थान में दुर्गापूजा की तैयारी को लेकर बैठक, बनी आयोजन की रूपरेखा

संजय कुमार कंधवे अध्यक्ष और दीपक साह सचिव चुने गए, मेले में वालंटियरों की होगी तैनाती
गिरिडीह:पचम्बा स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान के मंदिर प्रांगण में बुधवार को वर्ष 2026 की दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पचम्बा सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान दुर्गापूजा को भव्य, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से संजय कुमार कंधवे को अध्यक्ष और दीपक साह को सचिव चुना गया। वहीं प्रमोद कंधवे एवं पवन कंधवे को उपाध्यक्ष बनाया गया। सूरज यादव, सुंदर पांडेय एवं महादेव पांडेय को उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर भी चर्चा हुई।
पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा रखा
बैठक के दौरान वर्ष 2025 में आयोजित दुर्गापूजा के आय-व्यय का पूरा ब्यौरा उपस्थित लोगों के समक्ष रखा गया। पिछले वर्ष के खर्च और आय का विवरण साझा किए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने आयोजन को लेकर अपने सुझाव और विचार रखे।
मेले में वालंटियरों की होगी तैनाती
दुर्गापूजा के दौरान लगने वाले मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष चर्चा की गई। मेला परिसर के विभिन्न हिस्सों में वालंटियरों की तैनाती की योजना बनाई गई है। इससे श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन को सुचारू बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने में मदद मिलेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में पूजा, मेला, सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने भी दुर्गापूजा आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।


