Giridih News: ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में इंटर हाउस संगीत प्रतियोगिता आयोजित

गिरिडीह: ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल, धरियाडीह में शनिवार को इंटर हाउस संगीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चारों हाउस के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सुरमयी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बतौर निर्णायक प्रसिद्ध संगीतकार जगदीप शोला, अजय शिवानी एवं संदीप कौशिक उपस्थित थे। विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी, मोहम्मद शहरयार एवं बरनाली पाल ने पुष्पगुच्छ देकर निर्णायक मंडल का स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने कहा कि संगीत मानव जीवन का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो हमारे तन और मन की गहराइयों को प्रभावित करता है। संगीत से एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। उन्होंने कहा कि संगीत शिक्षक संदीप शोला के नेतृत्व में बच्चों ने इस प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जो सराहनीय है।
प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंत में सफायर हाउस की छात्रा अन्वी पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एमेरल्ड हाउस की कृष्ण गीतांजलि द्वितीय और टोपाज हाउस की अरीबा फातिमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को निर्णायक मंडल ने पुरस्कृत किया और सभी प्रतिभागियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।


