Giridih News: जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी ने बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल की

बिजली विभाग के मुख्य अभियंता प्रतोष कुमार से जमुआ की विद्युत समस्याओं पर वार्ता करतीं विधायक डॉ. मंजू कुमारी।

गिरिडीह: आगामी दुर्गा पूजा के पावन पर्व को देखते हुए जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी ने जमुआ विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल की है। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान और त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने को लेकर उन्होंने महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता, विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, गिरिडीह प्रतोष कुमार से वार्ता की।

इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जले हुए ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलने तथा बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग से जुड़ी सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर जोर दिया, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

विधायक ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों और अन्य आवश्यक स्थानों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए बिजली विभाग को तत्परता के साथ काम करने और तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की आवश्यकता है।

जनता की सुविधा और सुरक्षा मेरी प्राथमिकता : डॉ. मंजू कुमारी

इस संबंध में विधायक डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि जनता की सुविधा, सुरक्षा और त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में बिजली की समस्या के कारण किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने के साथ-साथ बिजली से संबंधित सभी शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने को कहा। विधायक की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान जमुआ विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना और आम लोगों को सुचारू विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More