Giridih News: मतदाता सूची अद्यतन करने हेतु 10 अक्टूबर को लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर निर्देश देते उपायुक्त।

गिरिडीह: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम -2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मतदाता सूची को अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि मेगा हेल्प डेस्क कैंप एवं विशेष आउटरीच अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों, दावों एवं आपत्तियों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम, पता एवं अन्य विवरणों में सुधार तथा निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

उपायुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) से भी अपील की है कि वे मेगा हेल्प डेस्क कैंप में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग प्रदान करें। इस क्रम में बीएलओ-बीएलए-2 की चौथी बैठक एवं निर्वाचन पाठशाला की चौथी बैठक के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों तथा क्षेत्रीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं के नियमानुसार समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप तथा 12 से 16 अक्टूबर तक संचालित विशेष आउटरीच अभियान का लाभ उठाएं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें तथा मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More