Dhanbad News: डीडीसी ने किया जेआरडीए की भूमि का स्थलीय निरीक्षण, सभी भूखंडों के शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश

धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) के अधीन विभिन्न क्षेत्रों में स्थित भू-संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनर्वास योजनाओं की प्रगति और भूमि प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने जेआरडीए अधिकारियों को प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाली सभी भूमियों का राजस्व अभिलेखों से मिलान कर अविलंब भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिन्हित भूखंडों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्वास के लिए आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को भूमि से संबंधित सभी प्रशासनिक औपचारिकताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

डीडीसी ने कहा कि भूमि से जुड़ी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जाए, ताकि अग्नि एवं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों से लोगों के सुरक्षित पुनर्वास की प्रक्रिया निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।
निरीक्षण के दौरान झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।


