धनबाद एसएसपी ने किया ढुल्लू महताे के केस को रिव्यू, लगाई अधिकारियों को फटकार

धनबाद: बाघमारा विधायक ढुल्लू महताे के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर एसएसपी किशोर कौशल ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान ग्रामीण एसपी अमित रेणु, बाघमारा डीएसपी नितिन खंडेलवाल, कतरास इंस्पेक्टर सुभाष सिंह, बरोरा थाना प्रभारी विनोद शर्मा, बाघमारा थाना प्रभारी संतोष कुमार झा, मधुबन थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय व कतरास थाना प्रभारी विनोद उरांव माैजूद थे। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों से विधायक की गिरफ्तारी को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। वहीं, विधायक के अबतक गिरफ्तार नहीं होने पर एसएसपी ने सभी अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
प्रेस से वार्तालाप करते हुए एसएसपी ने कहा कि विधायक पर बदले की भावना से कार्रवाई नहीं की जा रही है।उनपर कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विधायक पर दर्ज अन्य मामलों में भी पुलिस वारंट लेगी।
बता दें कि ढुल्लू महतो हाइवा, टिपर और पेलोडर लूट मामले में आरोपी हैं। उनका पक्ष जानने के लिए पुलिस शनिवार को विधायक के चिटाही स्थित आवर और फिर कार्यालय पहुंची। दंड सहिता के धारा 41ए के तहत पुलिस नोटिस जारी कर महतो का पक्ष जानना चाहती थी। लेकिन आवास और कार्यालय में किसी के द्वारा नोटिस रिसीव न किये जाने पर पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा।
वहीं, दूसरी ओर सोमवार को जिला कोर्ट में ढुल्लू महतो के भाई शरद महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। इस याचिका की सुनवाई पहले प्रधान जिला जज बसंत कुमार गोस्वामी की अदालत में हो रही थी, जिसे बाद में याचिका को एडीजे 11 की अदालत में स्थानांतरित कर दिया। दरअसल, शरद महतो सहित अन्य अभियुक्तों पर 22 फरवरी को कतरास थाना में राजीव कुमार ने मारपीट करने और जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का आरोप लगाया था।




