धनतेरस-दीपावली को लेकर धनबाद में सुरक्षा सख्त, बाजारों में पुलिस की विशेष निगरानी

धनतेरस और दीपावली को लेकर धनबाद के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस अधिकारी।

धनबाद: धनतेरस-दीपावली के मद्देनजर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख बाजारों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्त की जा रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय ने बैंक मोड़, पुराना बाजार एवं सरायढेला थाना क्षेत्र का दौरा कर पैदल गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ज्वेलरी शॉप, मॉल, इलेक्ट्रॉनिक दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया।

डीएसपी ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को दीपावली तक विशेष सतर्कता बरतने, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

धनतेरस-दीपावली के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस की विशेष निगरानी का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More