Dhanbad News: सीआईएसएफ और बीसीसीएल ने अवैध खनन के खिलाफ चलाया अभियान, 6 अवैध मुहाने बंद

बाघमारा के बसंतीमाता एरिया-12 के पलासिया क्षेत्र में ओबी डालकर की गई मुहानों की भराई
धनबाद: बाघमारा में बीसीसीएल के बसंतीमाता एरिया-12 अंतर्गत पलासिया क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। 29 सितंबर 2026 को अवैध खनन के लिए संचालित किए जा रहे मुहानों को बंद करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 6 अवैध मुहानों की ओबी (ओवरबर्डन) डालकर भराई कर उन्हें बंद किया गया।
जानकारी के अनुसार, कंपनी कमांडर के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्रवाई चली। अभियान के दौरान पलासिया क्षेत्र में चिन्हित छह अवैध मुहानों को ओबी डालकर पूरी तरह बंद किया गया।
अभियान के दौरान ओबी लोड करने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से पे-लोडर उपलब्ध कराया गया था। कार्य के दौरान ओबी डंप के सामने अचानक पे-लोडर का चेसिस टूट गया। इसके कारण मशीन मौके पर ही खड़ी हो गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने पे-लोडर की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण अभियान के अगले चरण पर भी असर पड़ा।
मशीन और स्थल की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात
अवैध मुहानों और मौके पर खड़े पे-लोडर की सुरक्षा को देखते हुए बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से वहां गार्डों की तैनाती की गई है। प्रबंधन के अनुसार, पे-लोडर की मरम्मत पूरी होने के बाद 30 सितंबर 2026 को अवैध मुहानों की भराई का काम दोबारा शुरू किया जाएगा।
प्रबंधन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए अवैध मुहानों को लगातार बंद करने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


