Dhanbad News: बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ की कड़ी कार्रवाई

बाघमारा: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड एरिया 1 बरोरा क्षेत्र (बीसीसीएल) के अंतर्गत आने वाली एएमपी कोलियरी में अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ सीआईएसएफ ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में मंगलवार को गणेशपुर बस्ती के पीछे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर बनाए गए अवैध मुहानों (सुरंगों) को मिट्टी भराई के जरिए पूरी तरह बंद कर दिया गया।
सीआईएसएफ की रही पुख्ता मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटा जा सके। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा बने थे एएमपी कोलियरी के अवैध मुहानें
कोलियरी प्रबंधन और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गणेशपुर बस्ती के पीछे साइड में लगातार अवैध तरीके से कोयला निकालने के लिए मुहाने बनाए जा रहे थे। इससे धंसान (सबसाइडर) और बड़े हादसों की आशंका बनी हुई थी। सीआईएसएफ की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटनाओं को टालने में मदद मिली है।
मुख्य बिंदु:
कार्रवाई: अवैध मुहानों की मिट्टी और पत्थरों से भराई।
सुरक्षा बल: सीआईएसएफ के जवान मौके पर मुस्तैद रहे।
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि सार्वजनिक संपत्ति और लोगों की जान-माल की रक्षा की जा सके।


