देवघर में इस साल नहीं निकलेगी शिव बारात, कोविड संक्रमण की वजह से फैसला

देवघर : झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध ज्योर्तिंलिंग बाबा बैद्यनाथ धाम की इस साल भव्य शिव बारात नहीं निकलेगी। शिवरात्रि महोत्सव समिति ने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर यह फैसला लिया है। देवघर में भव्य शिव बारात का आयोजन पिछले 26 सालों से लगातार होता रहा है, लेकिन इस साल इसका आयोजन नहीं होगा।
शिवरात्रि महोत्सव समिति के ताराचंद जैन ने बताया कि आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस साल शिव बारात नहीं निकालनेे का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन आना खुशी की बात है, लेकिन आम लोगों तक इसकी पहुंच एक लंबी प्रक्रिया है। शिव बारात में आमलोगों के अलावा बड़ी संख्या में कलाकार भी शामिल होते हैं। कोविड संक्रमण के कारण देश ही नहीं पूरी दुनिया में बदलाव हुआ है, इससे बचने के लिए सामाजिक दूरी आवश्यक है। इस वजह से शिव बारात को टालने का निर्णय लिया गया है।
देवधर में निकलने वाली भव्य शिव बारात को देखने के लिए झारखंड व बिहार के आसपास के कई जिलों के लोग जुटते हैं। कई लोग पहले ही अपने रिश्तेदारों के घरों में आकर रहते हैं या फिर वे बाबा बै़द्यनाथ की पूजा अर्चना कर धर्मशाला व होटलों में ठहरते हैं। हालांकि इस बार शिव बारात नहीं निकलने से लोग उस भव्य आयोजन में शामिल नहीं हो सकेंगे।


