Shravani Mela: 24 अगस्त को देवघर के आसमान में फिर दिखेगा भक्ति और तकनीक का संगम, होगा भव्य ड्रोन शो
-1024x614.jpeg)
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की भव्यता और दिव्यता को और खास बनाने के लिए झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 24 अगस्त 2026 को देवघर में दूसरी बार भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय शिवलोक परिसर में होने वाले इस अत्याधुनिक डिजिटल लाइट शो के जरिए श्रद्धालुओं को आधुनिक स्वदेशी तकनीक और शिव भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों ड्रोन डिजिटल रोशनी के साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और भगवान शिव तथा बाबा धाम की महिमा से जुड़ी विभिन्न आकर्षक एवं मनमोहक आकृतियां बनाएंगे। देवघर आने वाले कांवरियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए भी यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
5 किलोमीटर तक दिखाई देगा ड्रोन शो
पर्यटन विभाग के अनुसार ड्रोन शो का अलौकिक नजारा बाबा बैद्यनाथ मंदिर की परिधि से करीब 5 किलोमीटर तक के क्षेत्र में रहने वाले श्रद्धालु और आम नागरिक देख सकेंगे। बड़े स्तर पर तैयार किए जा रहे इस डिजिटल लाइट शो में एक साथ बड़ी संख्या में ड्रोन आसमान को रोशन करेंगे।
शाम 7 बजे के बाद शुरू होगा कार्यक्रम
भव्य ड्रोन शो का आयोजन 24 अगस्त 2026 को शाम 7 बजे के बाद किया जाएगा। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से इस तकनीकी और आध्यात्मिक प्रस्तुति का साक्षी बनने की अपील की है।
आयोजन को लेकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
श्रावणी मेला 2026 में दूसरी बार आयोजित होने वाला यह ड्रोन शो देवघर की धार्मिक आस्था, पर्यटन और आधुनिक तकनीक के संगम को एक नया आयाम देगा। आसमान में भगवान शिव और बाबा धाम से जुड़ी आकृतियों की डिजिटल प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है।


