Chatra News: वशिष्ठनगर पुलिस ने 6.158 किलो अफीम के साथ महिला समेत दो को किया गिरफ्तार

चतरा: चतरा जिले के वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान अवैध अफीम के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार दांगी (26 वर्ष), निवासी राजपुर थाना क्षेत्र और सुनीता देवी (27 वर्ष), निवासी हेठ टोला गिद्धौर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम समेत मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की शाम गश्ती दल द्वारा एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष पैदल जाते दिखाई दिए। पुरुष के पास एक पिट्ठू बैग था। पुलिस की चेकिंग देखकर दोनों राज्य संपोषित प्लस टू हाई स्कूल मैदान की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
इसके बाद तलाशी के दौरान पुरुष के पास मौजूद पिट्ठू बैग से 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल, नकदी और वोटर कार्ड भी बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6.158 किलोग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन, 380 रुपये नकद, एक वोटर कार्ड, एक पिट्ठू बैग, एक लेडीज पर्स और अन्य कपड़े बरामद किए गए हैं।
इस मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 162/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(बी), 22(सी), 27(ए), 28 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
इस कार्रवाई में वशिष्ठनगर थाना प्रभारी पु०अ०नि० अमित कुमार सिंह, स०अ०नि० दिलीप कुमार नामता, आरक्षी 70 अमरेन्द्र कुमार और आईआरबी-03 के आरक्षी 14 संतोष कुमार संतोषी शामिल थे।



