परिसीमन की आड़ में नारी शक्ति में रोड़े बिछाते अखिलेश

महिला आरक्षण और परिसीमन पर बहस के बीच अखिलेश यादव व संसद भवन की प्रतीकात्मक तस्वीर।

महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा एक बार फिर संसद की दहलीज पर है और इस बार बिल पास कराने के लिए सरकार की तैयारी पहले से ज्यादा मजबूत दिख रही है। वह इसमें कितनी कामयाब रहेगी, इसकी तस्वीर तीन दिसंबर तक पूरी तरह साफ हो जाएगी। 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किए जाने की तैयारी है। अतीत के पन्ने पलटे जाएं तो अप्रैल में सरकार को बिल पास कराने में तगड़ा झटका लगा था। 131वां संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में 298 के मुकाबले 230 वोटों से गिर गया था, क्योंकि संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुट सका। इस बार नया संशोधन विधेयक और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक लाया गया है। इनमें हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने के साथ विधानसभाओं का आकार भी उसी अनुपात में बढ़ाने का प्रावधान है। सरकार का दावा है कि 2011 की जनगणना के आधार पर हर राज्य का मौजूदा अनुपात बना रहेगा, यानी किसी राज्य की हिस्सेदारी नहीं घटेगी। फिर भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कुछ अन्य छोटे-छोटे दल अपनी सियासत बचाने के चक्कर में इस बिल के विरोध में एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। सपा के इस विरोध से यूपी की राजनीति गरमाई हुई है।

सपा प्रमुख के विरोध के चलते उत्तर प्रदेश के लिहाज से यह बदलाव बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुताबिक, यूपी में सांसदों की संख्या 80 से बढ़कर 120 और विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर लगभग 605 हो जाएगी। यानी 40 नए सांसद और करीब 200 नए विधायक। विधानसभा का आंकड़ा अनुमानित है और अंतिम संख्या परिसीमन आयोग तय करेगा। मोटे-मोटे अनुमान के अनुसार, एक तिहाई आरक्षण के हिसाब से यूपी में लोकसभा की 40 और विधानसभा की करीब 200 सीटें महिलाओं के लिए इजाद होंगी। इसी लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी 80 सांसदों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। मोदी सरकार बिल पास कराने को अड़ी हुई है तो इसके सियासी नतीजे अगले वर्ष होने वाले पांच राज्यों के चुनाव के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव से पूरी तरह दिखाई देंगे।

बात विपक्ष की की जाए तो उक्त बिल को लेकर विपक्षी खेमे में एकजुटता अब पहले जैसी नहीं दिख रही। अखिलेश यादव ने साफ तौर पर विरोध किया है, जबकि डीएमके खुलकर इस बिल का समर्थन कर रहा है। वहीं, आम आदमी पार्टी बराबर प्रतिनिधित्व की बात कर रही है। बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करके केंद्र के फैसले का स्वागत किया। मगर यह समर्थन शर्तों के साथ है। उन्होंने मांग की कि 33 प्रतिशत आरक्षण के भीतर अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था हो। अप्रैल में उन्होंने यही मांग दलित और ओबीसी महिलाओं के लिए उठाई थी। साथ ही उन्होंने परिसीमन में सीटों की सीमा तय करने के दौरान गड़बड़ी की आशंका भी जताई। यानी मायावती का रुख पूरी तरह बिना शर्त समर्थन का नहीं, बल्कि स्वागत और संदेह का मिला-जुला है। बसपा की मौजूदा संसदीय ताकत भी इतनी नहीं कि गणित बदल सके।

सपा की स्थिति अलग है, क्योंकि इंडिया गठबंधन में कांग्रेस के बाद वह दूसरा सबसे बड़ा दल है और लोकसभा में उसके 37 सांसद हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि 2023 में पास हुआ महिला आरक्षण कानून सरकार को तत्काल लागू करना चाहिए, जबकि परिसीमन विधेयक को वे नकार चुके हैं। उनके शब्दों में, पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, पर जिस जल्दबाजी और तरीके से परिसीमन लाया जा रहा है, उसका वह विरोध करती है। उन्होंने इसे भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल बताया है। सपा सूत्रों के मुताबिक, वे इसकी तुलना नोटबंदी से करते हैं। बहरहाल, सपा के विरोध की वजहें क्या हैं? इसका अध्ययन किया जाए तो इसकी पहली और सबसे बड़ी वजह जनगणना और जाति का सवाल है। अखिलेश का तर्क है कि परिसीमन 2011 के आंकड़ों पर होगा और नई जनगणना नहीं हो रही। उनका कहना है कि जनगणना होगी तो जातिगत गणना की मांग उठेगी। सपा की पूरी राजनीति पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर टिकी है। पार्टी का सवाल है कि अगर पिछड़ों की आबादी बहुत बड़ी है, तो उनके भीतर की महिलाओं के लिए अलग हिस्सेदारी तय किए बिना 33 प्रतिशत आरक्षण का फायदा किसे मिलेगा। मायावती की एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग भी इसी बहस का हिस्सा है।

दूसरी वजह परिसीमन पर अविश्वास है। अखिलेश ने लखनऊ में आरोप लगाया कि भाजपा हार की आशंका से परिसीमन और मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ियों के जरिए चुनावी नतीजे प्रभावित करना चाहती है। सपा रणनीतिकार इसे सिर्फ सीटें बढ़ाने की कवायद नहीं मानते, बल्कि राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक न्याय और राज्यों के बीच शक्ति-संतुलन का सवाल बताते हैं। सपा का यह भी तर्क है कि यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह कदम सियासी लाभ के लिए उठाया जा रहा है। तीसरी वजह सियासी गणित है, जो आधिकारिक बयानों से ज्यादा हालात से उभरती है। नई सीटों की सीमाएं तय करने का काम आयोग करेगा। आरक्षित महिला सीटें हर परिसीमन के बाद बदलती रहेंगी, इसलिए मौजूदा सांसदों और विधायकों की परंपरागत सीटें भी हिल सकती हैं। जिस पार्टी का आधार कुछ खास इलाकों में केंद्रित हो, उसके लिए सीमाओं के नए नक्शे में अनिश्चितता ज्यादा है। यह विश्लेषकों का आकलन है, सपा ने इसे आधिकारिक वजह के तौर पर नहीं गिनाया है।

सपा के लिए जोखिम भी कम नहीं। भाजपा इस मुद्दे को महिला विरोधी रुख के तौर पर पेश करने की कोशिश करेगी। सपा इसका जवाब यह कहकर दे रही है कि वह कानून को 2023 के स्वरूप में तुरंत लागू करने के पक्ष में है। पार्टी इसे 2027 के चुनाव में यह सवाल बनाकर उठाना चाहती है कि पहले से पास कानून अब तक लागू क्यों नहीं हुआ। संख्याबल की लड़ाई भी अहम है। कांग्रेस का दावा है कि एनडीए के पास 322 वोट हैं और वह 360 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए विपक्ष को तोड़ना चाहता है। ऐसे में सपा का रुख इस बात का भी इम्तिहान होगा कि विपक्ष कितना एकजुट रह पाता है। जबकि सरकार का पक्ष है कि अनुपात बरकरार रहेगा, सीटें बढ़ेंगी और महिलाओं को 2029 से प्रतिनिधित्व मिलेगा। सपा का पक्ष है कि बिना नई जनगणना और जातीय आंकड़ों के यह कवायद पारदर्शी नहीं। संसद में 30 नवंबर के बाद तय होगा कि दो-तिहाई का आंकड़ा जुटता है या नहीं और सपा का दांव सही बैठता है या भारी पड़ता है। कुल मिलाकर अखिलेश यादव महिला आरक्षण बिल और परिसीमन पर एक कदम आगे तो दो कदम पीछे जाने वाली सियासत कर रहे हैं।

संजय सक्सेना, लखनऊ
वरिष्ठ पत्रकार

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More