बिहार के चर्चित बालू घोटाले में झारखंड कनेक्शन, चतरा में दस्तावेज और साक्ष्य खंगाल रही ईओयू

बिहार बालू घोटाला: चतरा में ईओयू की कार्रवाई

चतरा: बिहार में हुए चर्चित बालू घोटाले की जांच का दायरा झारखंड तक पहुंच गया है। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने शुक्रवार को झारखंड के चतरा जिले में तीन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दायरे में अरुण सिंह, प्रेम सिंह और ठेकेदार शक्ति सिंह शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बिहार ईओयू की टीम बालू घोटाले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर चतरा पहुंची। टीम सिंह बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है। गोसाईडीह में प्रेम सिंह के ठिकाने के अलावा नागर में अरुण सिंह और शक्ति सिंह के कार्यालयों एवं आवासों पर छापेमारी जारी है। अरुण सिंह, प्रेम सिंह और शक्ति सिंह आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी इन ठिकानों से बालू कारोबार और कथित घोटाले से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य जुटा रही है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में बालू के अवैध कारोबार और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई कर रही है। जांच के दौरान झारखंड के कुछ लोगों की कथित संलिप्तता से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद बिहार ईओयू ने चतरा में यह कार्रवाई की है।

इस मामले में बिहार ईओयू की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है। ईडी इस मामले में वित्तीय लेन-देन और कथित अवैध कमाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

इससे पहले बिहार ईडी ने बालू घोटाले से जुड़े मामले में पिछले वर्ष झारखंड के धनबाद जिले में भी कुछ ठिकानों पर छापेमारी की थी। चतरा में बिहार ईओयू की ताजा कार्रवाई को इसी जांच की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More