Giridih News: सूरत में इलाज के दौरान प्रवासी मजदूर की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सूरत में इलाज के दौरान जान गंवाने वाले जमुआ के प्रवासी मजदूर दशरथ वर्मा।
10 वर्षों से सूरत में रहकर करता था पर्दा सिलाई का काम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और बेहतर इलाज की उठी मांग

गिरिडीह: जमुआ प्रखंड के पिंडर सोत गांव निवासी 35 वर्षीय प्रवासी मजदूर दशरथ वर्मा की गुजरात के सूरत में इलाज के दौरान गुरुवार शाम मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों ने सूरत में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दशरथ वर्मा पिछले कई महीनों से पीलिया रोग से ग्रसित थे। वे पिछले करीब दस वर्षों से गुजरात के सूरत में रहकर पर्दा सिलाई का काम करते थे। इसी काम से होने वाली आमदनी के सहारे वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दशरथ अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से स्नेह और सहारे का साया उठ गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने झारखंड सरकार से प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। गंभीर बीमारी की स्थिति में सरकारी स्तर पर समुचित इलाज की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी मजदूर को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है। दशरथ वर्मा के निधन पर मुखिया अनीता देवी, पूर्व मुखिया सकीना खातून, विनय वर्मा, हरिनारायण वर्मा, सुखदेव महतो, द्वारिका महतो, मुस्लिम अंसारी सहित अन्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की कामना की।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More