Giridih News: 27P39 धान की खेती से प्रति एकड़ 7 क्विंटल अधिक उपज का दावा, किसानों को दी गई जानकारी

25 वर्ग मीटर के प्रदर्शन प्लॉट में 27P39 से मिली 18.5 किलो उपज, कंपनी ने बताया भूरा माहू और झुलसा रोग के प्रति सहनशील
गिरिडीह : बेंगाबाद अग्रणी बीज कंपनी पायोनियर की ओर से गुरुवार को बेंगाबाद प्रखंड के घाघरा गांव में धान फसल कटाई दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कंपनी की नई धान किस्म 27P39 और अन्य किस्मों की उपज का तुलनात्मक प्रदर्शन कर किसानों को इसकी विशेषताओं एवं संभावित उत्पादन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान 25-25 वर्ग मीटर के खेत में 27P39 धान और दूसरी किस्म के धान की कटाई कर उपज का प्रदर्शन किया गया। इसमें 27P39 किस्म से 18.5 किलोग्राम, जबकि दूसरी किस्म से 14.1 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई।
कंपनी के टेरिटरी मैनेजर मनीष पांडेय ने गणना के आधार पर किसानों को बताया कि 27P39 धान की खेती से प्रति एकड़ लगभग सात क्विंटल अधिक उपज प्राप्त हो सकती है। वहीं, कंपनी के क्षेत्रीय प्रतिनिधि संतोष कुमार ने दावा किया कि इस किस्म की खेती से किसान प्रति एकड़ लगभग 12 हजार रुपये तक अतिरिक्त मुनाफा कमा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 27P39 धान की बालियां लंबी और गुच्छेदार होती हैं, जिससे बेहतर उत्पादन में मदद मिलती है। यह किस्म प्रतिकूल परिस्थितियों में भी बेहतर उपज देने में सक्षम है। साथ ही इसमें भूरा माहू और झुलसा रोग के प्रति सहनशीलता है।
कार्यक्रम में किसानों को धान की फसल में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान, बचाव और उचित प्रबंधन के तरीकों की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर किसान नारायण यादव, इस्लाम अंसारी, दशरथ यादव, जलील अंसारी, मकसूद आलम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



