Bokaro News : बीजीएच ने मरीज से 40 हजार रुपये मांगने के आरोप को बताया निराधार, 37 हजार का था अंतिम बिल

बोकारो : बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) ने मरीज के इलाज और अस्पताल के बिल को लेकर लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। अस्पताल प्रबंधन ने 40 हजार रुपये की कथित मांग के आरोप को निराधार और भ्रामक बताया है। प्रबंधन के अनुसार, मरीज और नवजात बच्ची के उपचार सहित अंतिम बिल लगभग 37 हजार रुपये का था। मरीज के परिजनों की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए शेष राशि लिए बिना ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, सोनी कुमारी (23 वर्ष), पत्नी मनोज कुमार, अपनी तीसरी गर्भावस्था में थीं। उनकी पहले से दो बेटियां हैं। उन्हें 29 अक्टूबर 2026 को शाम 5:10 बजे प्रसव पीड़ा की सक्रिय अवस्था में बीजीएच के लेबर रूम में लाया गया था। अस्पताल के मुताबिक, मरीज गंभीर एनीमिया से पीड़ित थीं। सदर अस्पताल, बोकारो में कराई गई जांच में उनका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 2 ग्राम प्रतिशत पाया गया था।
प्रबंधन के अनुसार, मरीज इससे पहले सदर अस्पताल में भर्ती थीं, जहां 28 अक्टूबर को उन्हें एक यूनिट रक्त चढ़ाया गया था। मरीज और उनके परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल से 29 अक्टूबर को उन्हें बीजीएच रेफर किया गया था। अस्पताल में भर्ती के समय प्रारंभिक शुल्क के रूप में 10 हजार रुपये जमा किए गए थे।
गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने शुरू किया उपचार
बीजीएच प्रबंधन ने बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती के तत्काल बाद चिकित्सकों की टीम ने उपचार शुरू कर दिया था। प्रसव के दौरान संभावित हृदय संबंधी जटिलताओं, अत्यधिक रक्तस्राव और अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। चिकित्सकों के प्रयास से 29 अक्टूबर को मरीज ने सामान्य प्रसव के माध्यम से एक बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के बाद भी मरीज की लगातार निगरानी और उपचार जारी रखा गया। उनकी स्थिति को देखते हुए क्लिनिकल हेमेटोलॉजी विशेषज्ञ से परामर्श लिया गया और कुछ अतिरिक्त जांच कराने की सलाह दी गई। अस्पताल के अनुसार, जांच रिपोर्ट में मोनोक्लोनल गैमोपैथी के संकेत मिले, जिसके लिए आगे विस्तृत चिकित्सकीय मूल्यांकन की आवश्यकता थी। इस संबंध में मरीज के पति को भी जानकारी दी गई।
37 हजार रुपये था अंतिम बिल, 40 हजार मांगने का आरोप खारिज
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीज और नवजात के समुचित उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद मरीज के पति को भर्ती, उपचार और अन्य चिकित्सा सेवाओं से संबंधित अंतिम बिल की जानकारी दी गई। प्रबंधन का दावा है कि मां और बच्ची के उपचार सहित कुल बिल लगभग 37 हजार रुपये था, जो अस्पताल की निर्धारित दरों के अनुसार तैयार किया गया था।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया गया और न ही अलग से कोई बिल बनाया गया। ऐसे में 40 हजार रुपये की कथित मांग किए जाने का आरोप पूरी तरह निराधार है।
बकाया राशि लिए बिना किया गया डिस्चार्ज
बीजीएच प्रबंधन ने बताया कि मरीज और उनके परिजनों ने शुरुआती 10 हजार रुपये जमा करने के बाद शेष राशि का भुगतान नहीं किया। मरीज के पति ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर बताते हुए बकाया राशि जमा करने में असमर्थता जताई थी। प्रबंधन के मुताबिक, मानवीय आधार पर उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए बिना शेष राशि लिए ही मरीज और नवजात बच्ची को 1 नवंबर 2026 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अन्य आरोपों के संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि अब तक कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। हालांकि, पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इसमें प्रसारित हो रहे वीडियो और ऑडियो की प्रामाणिकता की पड़ताल भी शामिल है।
पारदर्शी चिकित्सा सेवा के प्रति प्रतिबद्धता जताई
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि बोकारो जनरल अस्पताल पांच दशकों से अधिक समय से बोकारो में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल अपने यहां उपचाररत सभी मरीजों के हितों की रक्षा और नैतिक एवं पारदर्शी चिकित्सा सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, प्रबंधन ने अस्पताल की प्रतिष्ठा को झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से नुकसान पहुंचाने के प्रयासों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।


