हजारीबाग में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा की सख्ती, महिला अपराध और नक्सल मामलों पर दिए कड़े निर्देश

हजारीबाग; उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में हजारीबाग जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा कांडों के अनुसंधानकर्ता शामिल हुए। आईजी ने जिले में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, महिला सुरक्षा, संगठित अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग अंजनी कुमार झा, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फैजान अहमद, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) अरमानुल हक सहित जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने पिछले छह माह में जिले में घटित सभी महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंभीर मामलों में अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला अपराध से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए आईजी ने सभी संबंधित कांडों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अत्याचार से संबंधित लंबित मामलों को भी शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नक्सल गतिविधियों से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। आईजी ने ऐसे सभी मामलों का गंभीरता से अनुसंधान कर जल्द निष्पादन करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित समाधान किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए आईजी ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे अपराधियों पर क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत भी कार्रवाई करने की बात कही, ताकि नशा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इसके साथ ही संगठित अपराध में संलिप्त गिरोहों और अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन और जनता के साथ बेहतर पुलिस व्यवहार ही प्रभावी कानून-व्यवस्था की आधारशिला है। जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को इन निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।


