सिरसिया पहुंच पीड़ित परिवार से मिले जयराम महतो, पायल कुमारी मामले में निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

गिरिडीह: डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतका पायल कुमारी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
बताया गया कि 17 वर्षीय पायल कुमारी का शव बुधवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा-पावर हाउस रोड स्थित सिरसिया पुल के समीप बरामद किया गया था। युवती बीते तीन दिनों से लापता थी। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान विधायक जयराम महतो ने कहा कि इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने कहा कि किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
विधायक के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी वहां मौजूद रहे। लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।


