Sahebganj News: शिवगादी के पास श्रद्धालुओं से भरी टीयूवी नाले में गिरी, पश्चिम बंगाल के एक ही परिवार के 5 लोग घायल
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: बरहेट प्रखंड क्षेत्र के शिवगादी कीटाटोला के समीप बुधवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के एक ही परिवार के पांच श्रद्धालु घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के नीमतित्ता से आए श्रद्धालु शिवगादी धाम में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका चार पहिया वाहन टीयूवी 300, संख्या (WB 68 X 3789) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में घुस गया। घायलों ने बताया कि स्टीयरिंग जाम हो जाने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और गाड़ी मुख्य सड़क से नीचे चली गई।
घायलों में नीमतित्ता, समशेरगंज निवासी सीता सिंह 47 वर्ष, अरिदम सिंह 11 वर्ष, बेतिका सिंह 43 वर्ष, ईति सिंह 50 वर्ष और सुमित सिंह 25 वर्ष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को शिवगादी स्थित स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां सीएचओ निकिता रावत, एमपीडब्ल्यू सतीश प्रसाद तथा एएनएम निर्मला कुमारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस ने वाहन को नाले से निकलवाकर थाने लाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


