Sahebganj News : रमज़ान सब्र, इबादत और रहमत का महीना है: मोहम्मद सिफ़रान अख़्तर
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज : राजमहल प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहम्मद सिफ़रान अख़्तर ने प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर कहा कि रमज़ान का पाक महीना इंसान की रूह को सुकून और दिल को राहत देने वाला महीना होता है। यह महीना सब्र, इबादत, रहमत और बरकत का पैगाम लेकर आता है। उन्होंने कहा कि जब अल्लाह का बंदा पूरे दिन रोज़ा रखकर अल्लाह की इबादत में मशगूल रहता है, तो उसके दिल को एक अलग ही सुकून और तसल्ली महसूस होती है।
रमज़ान हमें भूख और प्यास का एहसास कराता है ताकि हम गरीबों और जरूरतमंदों की तकलीफ को समझ सकें। मोहम्मद सिफरान ने कहा कि इस महीने में की गई इबादतों का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। मस्ज़िदों में नमाज, तरावीह और कुरआन की तिलावत का माहौल रुहानी फिज़ा पैदा कर देता है। हर तरफ नेकी, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम सुनाई देता है। मोहम्मद सिफरान अख्तर ने कहा कि यह महीना हमें अपनी गलतियों से तौबा करने और अल्लाह से माफी मांगने का सुनहरा अवसर देता है।
रमज़ान माह में इंसान अपने गुनाहों से दूर होकर नेक रास्ते पर चलने का संकल्प लेता है। इससे दिल की कठोरता खत्म होती है और इंसान के अंदर रहमदिली और इंसानियत की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आगे कहा कि रमज़ान का असली मकसद सिर्फ भूखा-प्यासा रहना नहीं, बल्कि अपने दिल और दिमाग को पाक करना है।
जब इंसान सच्चे दिल से इबादत करता है, तो उसे जो सुकून मिलता है, यही रमजान की सबसे बड़ी नेमत है। उन्होंने कहा कि इस रमजान हम सब अपने दिलों को साफ करें, जरूरतमंदों की मदद करें और अल्लाह की रहमत को हासिल करने की कोशिश करें। यही रमजान का असली पैगाम है।


