Sahebganj News: झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक संपन्न

साहिबगंज: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कॉलेज रोड स्थित मछुआ सोसाइटी सभागार में झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कोषाध्यक्ष राकेश कुमार महतो ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान को तेज करने, पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके सक्रिय, अनुशासित और जिम्मेदार सदस्य होते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से आर्थिक सदस्यता शुल्क नियमित जमा कर संगठन को आर्थिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने की अपील की, ताकि मजदूरों के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ी जा सके।
राजकुमार यादव ने बताया कि 4 जून से 21 जून 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में संगठन की बैठकें हुईं। समीक्षा में सामने आया कि कुछ जिला स्तरीय पदाधिकारियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिससे संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित हुईं।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। बैठक में तय हुआ कि सदस्यता अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़ने के लिए गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक अभियान चलाया जाएगा। मजदूरों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन विस्तार को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
बैठक में आगामी 30 जून 2026 को वीर शहीद सिद्धो-कान्हू और चांद-भैरव की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इस दिन केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव समेत सभी पदाधिकारी और सदस्य शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही उनके संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा में दिए गए योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
बैठक के अंत में संगठन की एकजुटता बनाए रखने, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने और आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बैठक में अंसार खान, मिथुन कुमार यादव, रणधीर प्रसाद चौरसिया, मनोज सोरेन, फूल कुमारी देवी, शंकर यादव, मुन्ना यादव, विजय यादव, राजू रजक, मो. निजाम, रिंकू शेख, मुजीबुर रहमान सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।


