Ramgarh News: पीवीयूएनएल परियोजना में कार्य के दौरान संविदा कर्मी की मौत, जांच समिति गठित

पतरातू: पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) परियोजना परिसर में कार्य के दौरान हुई एक दुर्घटना में संविदा कर्मी की मौत हो गई। कंपनी प्रबंधन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता और उचित मुआवजा देने की प्रतिबद्धता जताई है।
पीवीयूएनएल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सोमवार पूर्वाह्न परियोजना परिसर में संविदा एजेंसी मेसर्स एस. के. सामंता के सामग्री यार्ड क्षेत्र में कार्य के दौरान संविदा कर्मी मुकेश प्रसाद साहू को अचानक चक्कर आ गया। संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित मेडिका अस्पताल भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पीवीयूएनएल प्रबंधन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में कंपनी मृतक के परिजनों के साथ खड़ी है और उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


