बाबूलाल मरांडी ने बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाया सवाल

रांची : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने आज मोरहाबादी स्थित अपने आवास पर संविधान निर्माता डॉ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मौके पर मरांडी ने कहा कि बाबासाहेब ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज के वंचितों, शोषितों और पिछड़ों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया. उनके द्वारा किए गए सामाजिक समरसता के प्रयास सदैव प्रासंगिक रहेंगे. उनकी जयंती के अवसर हम सबको उनके महान व्यक्तित्व और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प दोहराने की जरूरत है. यही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि मानी जाएगी.
मरांडी ने दी यह तीखी प्रतिक्रिया
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि एक तरफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज होने के बावजूद राज्य की पुलिस दोषी लोगों ढूंढ नहीं पा रही है. हिन्दपीढ़ी जैसे एक छोटे मुहल्ले में पुलिस को पांच दिन में भी यह पता नहीं चल पाता है कि सेवाकर्मियों व सफाईकर्मियों पर थूक कौन रहा है. वहीं दूसरी तरफ यही पुलिस महज 12 घंटे में रातू रोड, बरियातू और जुमार नदी तीन स्थानों पर उन 776 लोगों का पता लगा लेती है जो कोरोना मृतक को वहां के कब्रगाह में दफनाने का विरोध करते हैं. निश्चित रूप से झारखंड की पुलिस और यहां की सरकार बधाई की पात्र है, जो सरकार बमुश्किल उन पांच लोगों को नहीं ढूंढ पाती है जो सेवादूतों पर थूक रहे हैं. उन पर पत्थर फेंक रहे हैं. परंतु 767 लोगों पर एफआईआर दर्ज करने में इन्हें तनिक भी देरी नहीं होती. राज्य की जनता पुलिस के इस दोहरे मापदंड और पक्षपातपूर्ण रवैये पर पूरी बारीकी से नजर रखी हुई है. जनता पुलिस और सरकार के इस कृत्य का समय पर माकूल जवाब देगी. हम भी राज्य की सरकार को सचेत कर देना चाहते हैं कि अपराध को जाति, धर्म और समाज के चश्में से देखना कतई ठीक नहीं है. सरकार अगर यूँ ही जाति, धर्म और सामाजिक आधार को पैमाना बनाकर कार्रवाई करती रही तो समाज में एक ऐसी चौड़ी खाई बन जाएगी कि उसका प्रभाव काफी लंबे समय तक रहेगा. इस खाई को पाटना काफी मुश्किल होगा.


