Palamu News: हरिहरगंज के वार्ड-5 में सड़क और नाली निर्माण योजना का हुआ शिलान्यास

पलामू: हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक और कदम बढ़ाया गया। नगर अध्यक्ष कुमारी शिला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि एवं वार्ड पार्षद पुष्पा देवी ने पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण योजना का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य उदीन अंसारी के घर से प्रमोद कुमार रवि के घर तक कराया जाएगा।
शिलान्यास के बाद नगर अध्यक्ष कुमारी शिला चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क और नाली निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा जलजमाव की समस्या का समाधान होगा।
उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि ने कहा कि नगर पंचायत विकास योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय लोगों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। कनीय अभियंता कुलदीप कुमार यादव ने बताया कि नगर विकास विभाग की इस योजना की प्राक्कलित लागत 9 लाख 90 हजार 600 रुपये है, जबकि एकरारित राशि 6 लाख 60 हजार 730 रुपये है।
कार्यक्रम में सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, प्रमोद कुमार रवि, नगर पंचायत प्रतिनिधि विनोद उर्फ जानू चौधरी, वार्ड पार्षद बृजनंदन साव, पवन पासवान, महताब आलम, अमरजीत यादव, त्रिपुरारी राम, पवन कुमार, अनुज कुमार, समाजसेवी उपेंद्र यादव, पप्पू चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


