Pakur News: जे-टेट अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज शुरू, हर रविवार मिलेगा परीक्षा अभ्यास का मौका

पाकुड़: जे-टेट परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए पाकुड़ के एंडेवर एकेडमी में रविवार को निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लेकर परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन और विषयवार अपनी कमजोरियों का आकलन किया।
मॉक टेस्ट के माध्यम से अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा का माहौल देने का प्रयास किया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद विशेषज्ञ शिक्षकों ने अभ्यर्थियों के उत्तरों की समीक्षा की तथा प्रश्नों से संबंधित शंकाओं का समाधान किया। शिक्षकों ने अभ्यर्थियों को बेहतर रणनीति के साथ नियमित अभ्यास करने और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
एंडेवर एकेडमी की ओर से बताया गया कि यह निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज आगामी जे-टेट परीक्षा तक प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर सहित सभी अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजकों ने जे-टेट की तैयारी कर रहे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों से इस निःशुल्क टेस्ट सीरीज का लाभ उठाने की अपील की।


