Pakur News: सोलपटिया आंगनबाड़ी सेविका बहाली पर ग्रामीणों का हंगामा, जांच की मांग

पाकुड़: महेशपुर प्रखंड के सोलपटिया आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन को लेकर आयोजित आमसभा के बाद ग्रामीणों ने बहाली प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने और नियमानुसार नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सोलपटिया आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका बहाली के लिए 30 जुलाई को आयोजित आमसभा में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद थे। उनका कहना है कि गांव में ओबीसी और अनुसूचित जनजाति (ST) दोनों समुदाय के लोग रहते हैं, लेकिन उनकी दलील है कि क्षेत्र में ओबीसी आबादी अधिक होने के बावजूद सेविका चयन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। इसी कारण ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार योग्य अभ्यर्थी का चयन किया जाए।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि लंबे समय से बंद पड़े आंगनबाड़ी केंद्र को जल्द से जल्द पुनः संचालित किया जाए, ताकि छोटे बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार (खिचड़ी) और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


