पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता: महिला हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़: लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में एक महिला की हत्या के मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त खून लगा कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को शामपुर गांव में एक महिला की कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर वार कर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी हथीया हेम्ब्रम (55 वर्ष), निवासी शामपुर, थाना लिट्टीपाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


