खेलते समय लापता हुईं दो बहनें, 36 घंटे बाद ईंट भट्ठे से मिले क्षत-विक्षत शव; दहशत में गांव

Muzaffarpur Girls Murder Case: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहारी थाना क्षेत्र स्थित मकसूदपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। दो नाबालिग चचेरी बहनें, जो सोमवार को खेलने के दौरान घर से गायब हो गई थीं, उनके शव करीब 36 घंटे बाद बुधवार की सुबह एक ईंट भट्ठे के परिसर में मिले। शवों की दुर्दशा देखकर पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल छा गया है।
पीड़ित बच्चियों में एक राजेश राय की 12 वर्षीय बेटी मौसमी कुमारी और दूसरी वीरचंद्र कुमार की 7 वर्षीय बेटी रूची कुमारी हैं. दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं। परिवार वालों के मुताबिक, बच्चियां घर के आस-पास खेल रही थीं। उसी समय नजदीक में बख्तौर भूईया बाबा की पूजा का आयोजन था, इसलिए घरवालों ने शुरुआत में सोचा कि वे वहीं चली गई होंगी। जब देर रात तक दोनों वापस नहीं आईं, तब खोज शुरू हुई।
काफी देर तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला, तो मंगलवार को रामपुरहारी थाने में मामला दर्ज कराया गया। बुधवार सुबह गांव के निकट स्थित एक चिमनी परिसर के पास बने चौर में दोनों बच्चियों के शव बरामद हुए। शवों के हाथ, पांव और सिर क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। मृतकों के परिजनों की हालत बेहद दयनीय है।
थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने जानकारी दी कि लापता होने की सूचना के तुरंत बाद से ही पुलिस खोज में लगी हुई थी। शव मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों का पर्दाफाश किया जाएगा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।




