अफीम की खेती छोड़ें, कानून का पालन करें: गुरुडीह में पुलिस का जागरूकता अभियान

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कटकमसांडी थाना प्रभारी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव गुरुडीह में जागरूकता अभियान चलाया गया। यह गांव पूर्व में अफीम की अवैध खेती के कारण चर्चा में रहा है। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अफीम की अवैध खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे समाज में नशाखोरी, अपराध और युवाओं का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने लोगों को बताया कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन एवं तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है और दोषी पाए जाने पर कठोर सजा एवं जुर्माना लगाया जा सकता है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें कृषि आधारित अन्य लाभकारी फसलों की खेती करने की सलाह दी गई। पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से अफीम की खेती की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों ने भी पुलिस की पहल का स्वागत करते हुए गांव को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा उन्मूलन एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को कानून के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।


