Koderma News: जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर बच्चों को पढ़ाने पहुंचते हैं ब्रह्मदेव शर्मा

कोडरमा: शिक्षक दिवस के मौक़े पर आज हम एक ऐसे शिक्षक की बात करेंगें जो शिक्षा की अलख जलाने के साथ -साथ अपनी जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक पूरा भी कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं कोडरमा के जरगा पंचायत के झरखी स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सपहा की। यह विद्यालय घने जंगलों के बीच बिल्कुल सुदूरवर्ती इलाके में बसा हुआ है और यहां आने जाने के लिए ग्रामीणों को नदी पार करना पड़ता है। यही वजह है कि बरसात के दिनों में यह गांव टापू बन जाता है। वहीं यहाँ उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ब्रह्मदेव शर्मा प्रतिदिन अपनी जान को जोखिम में डालकर यहां बच्चों को शिक्षा देने पहुँचते हैं।
क्यूंकि इस इलाके में ब्रम्हदेव शर्मा ही इकलौते शिक्षक हैं जिनपर इलाके के बच्चों का भविष्य टिका है। प्रखण्ड मुख्यालय से करीब 18 किलोमेटर दूर स्थित विद्यालय तक पहुंचने के लिए ब्रह्मदेव शर्मा को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। प्रतिदिन सुबह ब्रह्मदेव शर्मा अपनी मोटरसाइकिल से सपहा के लिए निकलते हैं। और कुछ दूरी तय करने के बाद रुक जाते है। क्यूंकि आगे है वृन्दाहा नदी। जहां के पानी की तेज धार में पैदल जाना भी मुश्किल से हो जाता है।
शिक्षक ब्रह्मदेव शर्मा अपने बैग से हाफ पैंट निकालते हैं और कपड़े बदल कर एक हाथ में जूता और दूसरे हाथ में अपना बैग लेकर नदी में उतर जाते हैं। कमर से ऊपर तक पानी में घुसने के बाद वे जान जोखिम में डालकर नदी पार कर काफी जद्दोजहद के बाद विद्यालय पहुंचते हैं। जहां बच्चे इनका बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं। ब्रह्मदेव शर्मा ने बताया कि वे पिछले 19 वर्षों से लगातार इस विद्यालय में पठन पाठन का कार्य करते आ रहे हैं। वे विद्यालय में एक मात्र शिक्षक हैं।
इतने वर्षों से लगातार सेवा देते रहने के कारण इनका इस विद्यालय और यहां के बच्चों से एक विशेष लगाव हो गया है। वे कहते हैं कि बरसात के समय करीब तीन महीने विद्यालय पहुंचने में इन्हें काफी परेशानी होती है। वे चाहते तो आवागमन में आने वाली बाधाओं का हवाला देकर अवकाश पर भी जा सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। ब्रह्मदेव शर्मा ने कहा की वे इस नौकरी को महज पेशा नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी समझते है क्यूंकि इलाके के बच्चों का उज्जवल भविष्य उन्हीं के हाथों में है। यही कारण है कि वे इन सारी कठिनाइयों को पार कर पिछले 19 वर्षों से सुदूरवर्ती इलाके में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं।


