आनंद सोनी
लोहरदगा: करमा यूँ तो पूरे देश-प्रदेश में हर्सोल्लास के साथ मनाया जाता है। झारखंड में इस प्रकृति पर्व की बात ही निराली है। पर्व शुरू होने के छह महीने पहले से ही यहां के लोग अपने खर्च में बचत करना शुरू कर देते हैं। इस पर्व को पूरे भक्ति भाव से मनाते हैं।
ऐसा लगता है कि इस पर्व में सारी खुशियाँ अपने अंदर समेट लेना चाहते हैं । करमा के पूर्व संध्या में अपने पारम्परिक वस्त्र तथा ढोल ( मांदर) लेकर नृत्य-संगीत से समां बांध देते है। करमा पर्व के दिन पुरोहित-पाहन पूरे नियम-धर्म से करमा डाल को काटकर नाचते-गाते, ढोल-नगाड़े, संख-घण्टा बजाते हुए कर्म आखाड़े में लाकर स्थापित करते हैं तथा वहाँ पर पूरे गांव-शहर के स्त्री-पुरूष, बच्चे, वृद्ध करम-धरम नामक दो भाईयों की कहानी सुनते हैं।
फिर रात भर नृत्य-संगीत का दौर चलता रहता है। सुबह में सभी स्नान कर पूजा-पाठ करके करम डार का विसर्जन करते हैं । सभी के चेहरे में खुशी की झलक देख कर प्रकृति भी ख़ुशी से फुले नहीं समाती है।
खास तौर पर इस पर्व को आदिवासी बहुल क्षेत्र में बहुत ही नियम-धर्म से मनाया जाता है । जिसमें रांची, गुमला,सिमडेगा, चतरा, चाईबासा, उतरी सिंहभूम,पूर्वी सिंहभूम, दुमका, गोड्डा आदि में विशेष तौर पर मनाया जाता है। सदियों से इस परम्परा को अपने धर्म-संस्कृति का अहम अंग बना लिया है जो युगों-युगों तक इसी तरह निर्बाध गति से चलता रहा है और चलता रहेगा ।