Hazaribagh News: बड़कागांव में एनटीपीसी ग्राम सभा के दौरान हिंसक झड़प, कई पुलिसकर्मी व अधिकारी घायल
1-1024x614.jpeg)
हजारीबाग/बड़कागांव: प्रखंड में एनटीपीसी की बादम कोल खनन परियोजना को लेकर आयोजित ग्राम सभा हिंसा में बदल गई। महुगाई कला पंचायत के सुकुल खपिया स्थित पंचायत सचिवालय में मंगलवार को यह बैठक हो रही थी। ग्राम सभा की सूचना मिलते ही गोंदलपुरा, बादम, राउत, पारा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध जताने पहुंचे।
बैठक के दौरान अचानक माहौल गरमा गया और देखते ही देखते ग्रामीणों तथा एनटीपीसी के अधिकारियों के बीच टकराव हो गया। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी, कंपनी के अधिकारी और ग्रामीण घायल हो गए। बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता के वाहनों सहित कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
स्थिति बेकाबू होते देख प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजा और जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस सतर्क निगरानी में है।


