Hazaribagh News: विधायक रोशन लाल चौधरी ने बड़कागांव व पतरातू को अनुमंडल बनाने का किया मांग

बड़कागांव: विधायक रोशन लाल चौधरी ने गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से हजारीबाग जिले के बड़कागांव, केरेडारी एवं रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड को पृथक अनुमंडल (सब-डिवीजन) के रूप में अधिसूचित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र प्रशासनिक, भौगोलिक और जनसंख्या की दृष्टि से अनुमंडल गठन की सभी आवश्यक शर्तों को पूरा करते हैं। संकल्प में बताया गया कि बड़कागांव प्रखंड में 23 पंचायत और लगभग 1.50 लाख की आबादी है, जबकि केरेडारी प्रखंड में 16 पंचायतों के साथ करीब 90 हजार की जनसंख्या निवास करती है। वहीं रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में 46 पंचायत और लगभग 2.30 लाख की आबादी है, जो औद्योगिक, शैक्षणिक और पर्यटन दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने यह भी उल्लेख किया कि बड़कागांव एवं पतरातू दोनों स्थानों पर पहले से ही पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी का कार्यालय संचालित है, जो इन क्षेत्रों की प्रशासनिक महत्ता को दर्शाता है। इसके बावजूद एसडीओ कार्यालय का अभाव आम जनता के लिए कठिनाई का कारण बना हुआ है। आगे विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों के कारण कानून-व्यवस्था की जटिलता, राजस्व कार्य, आपदा प्रबंधन तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय स्तर पर अनुमंडल का गठन अत्यंत आवश्यक है।
वर्तमान में लोगों को जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है। आगे विधायक चौधरी ने सरकार से मांग की कि बड़कागांव,केरेडारी एवं पतरातू को शीघ्र पृथक अनुमंडल घोषित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय की स्थापना की जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ हो और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


