Giridih News: डेढ़ माह से अंधेरे में आदिवासी टोला, फॉरवर्ड ब्लॉक ने बिजली विभाग को दी चेतावनी

गिरिडीह: सदर प्रखंड के पालमो पंचायत अंतर्गत आदिवासी टोला मंझलाडीह में पिछले डेढ़ माह से बिजली का ट्रांसफार्मर जला हुआ है। लोग अंधेरे में परेशान हैं, लेकिन अभी तक उनका ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया है। बिजली विभाग तुरंत इसे बदलने का काम करे और इस नाम पर किसी भी तरह की पैसे की वसूली बंद हो।
उपरोक्त बातें पूर्व जिप सदस्य एवं ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के जिला संयोजक राजेश यादव ने आज उक्त गांव जाकर ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्या से अवगत होने के उपरांत कही। श्री यादव ने कहा कि, बिजली विभाग को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए कि, लोगों के एक फोन करने मात्र से उनकी समस्या का समाधान हो और ऐसे मामलों में ग्रामीणों को यहां-वहां का चक्कर नहीं लगाना पड़े। लेकिन अफसोस कि शासन करने वाले जनता को ऐसी सहूलियत देना नहीं चाहते, और संसाधन की कमी झेल रहा बिजली विभाग भी ऐसी व्यवस्था लागू नहीं करता।
उन्होंने कहा कि, डेढ़ माह बीत चुका है, लोग अंधेरे में हैं। इसलिए यदि तत्काल मंझलाडीह का ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया तो वे ग्रामीणों को लेकर बिजली विभाग में धरना देंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से ट्रांसफार्मर के नाम पर किसी भी तरह की वसूली का विरोध करने की भी अपील की। कहा कि, आमतौर पर इस तरह की समस्याओं में विभाग के कुछ कर्मियों की मिली भगत से वसूली किए जाने की शिकायत मिलती है।
मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक नेता संजय चौधरी, संतोष राय सहित मंगल कु हेम्ब्रम, लखन हेंब्रम, विनय हेंब्रम, सुभाष हेंब्रम, टिंकू हांसदा, विशाल हेंब्रम, करण हेंब्रम, शंकर हेंब्रम, छोटे हांसदा एवं अन्य मौजूद थे।


