Giridih News: सिहोडीह पटेलनगर में जलजमाव से बेहाल लोग, सड़क बनी ‘स्विमिंग पूल’

गिरिडीह: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेलनगर में इन दिनों जलजमाव की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नाली का गंदा पानी सड़कों पर बहने के साथ-साथ कई घरों में घुस रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद इलाके की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब जाती हैं। स्थिति ऐसी है कि सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति देखकर ऐसा लगता है मानो यहां सड़क नहीं बल्कि स्विमिंग पूल बन गया हो।
जलजमाव के कारण गंदगी और दुर्गंध भी फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और नाली का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है तथा घरों में घुसने लगता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाली और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।


