Giridih News: सर्राफा संघ का वार्षिक सम्मेलन रेडक्रॉस भवन में संपन्न, अध्यक्ष राहुल बर्मन हुए सम्मानित

गिरिडीह: सर्राफा संघ का वार्षिक सम्मेलन गुरुवार को रेडक्रॉस भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष राहुल बर्मन ने की। संघ के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर अध्यक्ष राहुल बर्मन को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में संघ के सचिव राजन बर्णवाल ने बीते एक वर्ष के दौरान संगठन द्वारा किए गए सामाजिक, सुरक्षा एवं जनहित से जुड़े कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संघ ने व्यापारियों की सुरक्षा, सामाजिक सेवा और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 23 अप्रैल से प्रत्येक गुरुवार सर्राफा प्रतिष्ठान एवं सर्राफा कारोबार पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया गया। इसे व्यापारियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक फैसला बताया गया। इससे पूर्व संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच फल एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया तथा सेवा कार्य के माध्यम से सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के संरक्षक बिपिन स्वर्णकार, गोपाल स्वर्णकार, राजकुमार बर्णवाल, उपाध्यक्ष मो. आसिफ, उपसचिव राजीव तरवे, कोषाध्यक्ष सचिन बर्मन, संगठन महामंत्री सुबोध बर्मन, कार्यकारिणी सदस्य जीतू बर्मन, चंदन गुप्ता एवं रंजीत स्वर्णकार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में राजकुमार बर्णवाल ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


