Giridih News: उपायुक्त रामनिवास यादव ने सीसीएल क्षेत्र में आजीविका संवर्धन पर की समीक्षा बैठक

गिरिडीह: उपायुक्त, रामनिवास यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में CCL क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक विकास एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में खनन क्षेत्रों में निवास करने वाले स्थानीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के विस्तार तथा विकासात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने CCL प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सामुदायिक विकास की योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हुए आजीविका संवर्धन, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल आधारभूत संरचना तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय लोगों को दीर्घकालिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं विभागीय योजनाओं के अभिसरण (Convergence) के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही, क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कर योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान माइन क्लोजर प्लान, खनन प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्विकास तथा खनन गतिविधियों के पश्चात क्षेत्र के सतत एवं समावेशी विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि खनन क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्देश्य स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ ऐसे अवसर तैयार करना होना चाहिए, जिससे समुदाय भविष्य में भी स्थायी आजीविका के साधनों से जुड़ा रह सके।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सामुदायिक विकास एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, CCL के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


