Giridih News: सावन की पहली सोमवारी पर झारखंडधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे हर-हर महादेव

गिरिडीह: सावन की पहली सोमवारी पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल झारखंडधाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पौ फटते ही हजारों श्रद्धालुओं ने शिवगंगा में स्नान कर चंद्रकूप से जल उठाया और हर-हर महादेव के जयकारे के बीच बाबा झारखंडी नाथ का जलाभिषेक किया। पंद्रह हजार से अधिक श्रद्धालुओं और कांवरियों के पहुंचने से पूरा झारखंडधाम भक्तिमय हो उठा।
मुख्य मंदिर और पार्वती मंदिर के समीप श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर पूजा-अर्चना कराई गई। अपेक्षा से अधिक भीड़ उमड़ने के कारण बेतरतीब भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बीडीओ अमल जी की अगुवाई में प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के रूप में मोर्चा संभाला। हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्रा और परसन थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मुख्य मंदिर, पार्वती मंदिर, प्रवेश और निकासी द्वार पर व्यवस्था संभाली। जगह-जगह महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
श्रद्धालुओं ने बाबा के जलाभिषेक के बाद नंदी मंदिर, पार्वती मंदिर, हनुमान मंदिर, संतोषी माता, राम मंदिर, वैष्णो देवी, सरस्वती, राधा-कृष्ण, पंचमुखी हनुमान, बृहद हनुमान स्थल और दुर्गा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा सहित मंदिर प्रबंधन समिति के नरेश पंडा, विनोद पंडा, सुभाष पंडा, मनोज पंडा, दिलीप पांडेय, सुजीत पांडेय, रविंद्र पंडा, महेंद्र पंडा, निधि पंडा, मुखिया आशुतोष कुशवाहा, पंसस राजेश वर्मा समेत अन्य लोग श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था में जुटे रहे।


