गिरिडीह जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सुनीं लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर निपटारा

गिरिडीह: जिला प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनता दरबार में बिजली विपत्र, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास, राशन कार्ड तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उन्हें नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सदैव तत्पर है तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


