Dumka News: शहीदों के सम्मान पर सियासत! मार्केट नाम बदलने का विरोध तेज
-1024x662.jpg)
दुमका: दुमका नगर परिषद क्षेत्र स्थित फूलो-झानो वेंडर मार्केट का नाम बदलने की खबरों के बीच इसे यथावत रखने की मांग उठी है। इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया को संबोधित एक आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन में कहा गया है कि विभिन्न समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिल रही है कि बस स्टैंड के पास स्थित फूलो-झानो वेंडर मार्केट का नाम बदलकर “दिसोम गुरुजी शिबू सोरेन वेंडर मार्केट” किया जा रहा है, जो उचित नहीं है।
आवेदनकर्ताओं ने कहा कि यह मार्केट संताल हुल की वीरांगनाओं फूलो मुर्मू और झानो मुर्मू के सम्मान में बनाया गया है, इसलिए इसका नाम बदलना शहीदों के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन उन्होंने स्वयं भी संताल हुल के वीर शहीदों से प्रेरणा ली थी और उन्हें अपना मार्गदर्शक माना था।
आवेदन में आग्रह किया गया है कि फूलो-झानो वेंडर मार्केट का नाम नहीं बदला जाए। साथ ही सुझाव दिया गया है कि नाम में “मुर्मू” शब्द जोड़ा जा सकता है।


