Dumka News: विभिन्न मांगों को लेकर कृषि कर्मचारी संघ ने की निदेशक से मुलाक़ात

दुमका: झारखंड राज्य अराजपत्रित कृषि कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को निदेशक (उद्यान) से मुलाकात कर उद्यान निदेशालय एवं जिला स्तर पर कार्यरत कर्मियों की वर्षों से लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष समी उद्दीन ने किया।
इस दौरान सम्मानित अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, कोषाध्यक्ष अजीत कुमार महतो, प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रह्लाद कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उद्यान कर्मियों की सेवा नियमावली का शीघ्र निर्धारण, सेवा संपुष्टि, एसीपी/एमएसीपी का लाभ, पदोन्नति, वरिष्ठता निर्धारण तथा अन्य लंबित सेवा मामलों पर विस्तार से चर्चा की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन मामलों के लंबित रहने के कारण उद्यान कर्मियों को वर्षों से प्रशासनिक एवं वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हो रहा है। संघ ने निदेशक को बताया कि झारखंड राज्य गठन के बाद कृषि एवं उससे संबंधित कार्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के पदों पर सरकार द्वारा नियमित नियुक्ति नहीं की गई है।परिणामस्वरूप विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी उत्पन्न हो गई है।
सीमित संख्या में कार्यरत कर्मचारी अतिरिक्त कार्यभार का निर्वहन कर रहे हैं, जबकि सेवानिवृत्ति के कारण लगातार रिक्तियां बढ़ती जा रही हैं। इससे विभागीय कार्यों के निष्पादन एवं किसानों तक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।निदेशक (उद्यान) ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना तथा कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने सेवा नियमावली, सेवा संपुष्टि, एसीपी/एमएसीपी सहित अन्य लंबित मामलों पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।बैठक के उपरांत संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें निदेशक द्वारा दिए गए आश्वासन पर विश्वास है तथा उम्मीद है कि उद्यान कर्मियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के वैधानिक अधिकारों एवं विभागीय हितों की रक्षा के लिए संघ भविष्य में भी सकारात्मक एवं रचनात्मक प्रयास जारी रखेगा।


