Dumka News: विधायक लुईस मरांडी ने छह सखी मंडलों को सौंपी ई-रिक्शा की चाबी
-1024x614.jpeg)
दुमका: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुक्रवार को रामगढ़ के जिला परिषद दुकान परिसर में दुमका पलाश टोटो योजना के तहत छह सखी मंडल की महिलाओं के बीच ई-रिक्शा (टोटो) का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जामा की विधायक लुईस मरांडी ने महिलाओं को टोटो की चाबी सौंपकर उन्हें स्वरोजगार की नई राह पर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि राज्य सरकार एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी की यह योजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ इस अवसर का लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का आह्वान किया। बताया गया कि दुमका पलाश टोटो योजना के अंतर्गत संकुल संगठनों के माध्यम से सखी मंडल की महिलाओं को सामुदायिक निवेश निधि से ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे ई-रिक्शा खरीदकर स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।
इस पहल से महिलाओं की नियमित आय सुनिश्चित होने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान लाभुक महिलाओं ने योजना के लिए सरकार एव जेएसएलपीएस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टोटो मिलने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हुआ है। इससे वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ बच्चों की शिक्षा एवं अन्य आवश्यक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगी। इस मौके पर प्रखंड एवं जेएसएलपीएस के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सखी मंडल की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


